
हाथरस 13 मार्च। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, नकलविहीन और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस रामानंद कुशवाह ने पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जनपद हाथरस में कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर उपनिरीक्षक पदों की सीधी भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें पहली पाली पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली अपरान्ह 3 बजे से 5 बजे तक संपन्न होगी। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों और कक्षों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी तथा त्रिस्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटरिंग होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। सभी केंद्र प्रभारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था न होने दें। ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सिकंद्राराऊ, क्षेत्राधिकारी सादाबाद, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित परीक्षा ड्यूटी में लगे केंद्र प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
























