सादाबाद 13 मार्च । गांव मड़नई में आवारा कुत्ते का आतंक जारी है। कुत्ते ने अब तक एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को काटकर घायल कर दिया है, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से कुत्ते को पकड़वाने की मांग कर रहे हैं।
कुत्ते ने 75 वर्षीय प्रेम देवी पत्नी पूरन सिंह पर हमला कर उनके पैर में गंभीर घाव कर दिया। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों के अनुसार, यह कुत्ता पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। इनमें बीएसएफ में असिस्टेंट कमांडेंट की तैयारी कर रही तनु नौहवार, हुकम सिंह और प्रवीण कुमार जैसे ग्रामीण शामिल हैं। राशन की दुकान पर आने-जाने वाले कई अन्य लोग भी इसके हमले का शिकार हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार इस कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हर बार वह हमला कर भाग जाता है। इस कारण गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और बच्चे व बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द से जल्द इस आवारा कुत्ते को पकड़वाने की अपील की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके और गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
























