सादाबाद 13 मार्च । पुरानी रंजिश के चलते युवक से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम महेरिया भाग करसौरा निवासी मोर मुकुट पुत्र पूरन सिंह ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च 2026 की शाम करीब 6:15 बजे वह अपनी बाइक से गांव से धानौटी जा रहा था। जुगसाना रजवाहा के बंबे के पुल पर पहुंचने पर पुरानी रंजिश के चलते राजू पुत्र हरदम, यतेन्द्र पुत्र बिजुआ और लक्की पुत्र धनेन्द्र निवासी ऊंचागांव अपने 5-6 साथियों के साथ कार और बाइकों से वहां आ गए। आरोप है कि सभी आरोपियों ने मोर मुकुट को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पास के गांव विषघोरा और भाग करसौरा के रहने वाले योगेन्द्र पुत्र विजय सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मोर मुकुट के अनुसार, जब योगेन्द्र ने उसे बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। इस हमले से योगेन्द्र का सिर फट गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं और अक्सर क्षेत्र में झगड़े करते रहते हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी दी कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
























