
सासनी 13 मार्च। माध्यमिक शिक्षा विभाग अलीगढ़ मंडल के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के बीच आयोजित “गुरु गौरव कप 2026” क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को के.एल. जैन इंटर कॉलेज, सासनी के खेल मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। 13 मार्च से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के आगाज से पूरे मंडल के शिक्षकों में खेल के प्रति उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला। उद्घाटन अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अलीगढ़ पूरन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि खेल आपसी सहयोग, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिक्षकों द्वारा खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को सराहनीय बताया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में अलीगढ़ स्कॉलर्स और कासगंज टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। कासगंज टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अलीगढ़ स्कॉलर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। टीम की ओर से आशीष चौधरी ने 69 रनों की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कासगंज टाइटंस की टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और पूरी टीम ऑल आउट हो गई। कासगंज की ओर से मयंक गुप्ता ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए आशीष चौधरी ने मात्र 11 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट के दूसरे मैच में हाथरस एलाइट और एटा एजुकेटर्स की टीम आमने-सामने रहीं। हाथरस एलाइट के कप्तान मानवेंद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 173 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। कप्तान मानवेंद्र सिंह की शानदार पारी आकर्षण का केंद्र रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एटा एजुकेटर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 130 रन ही बना सकी और हाथरस एलाइट ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेहतरीन प्रदर्शन और प्रभावशाली कप्तानी के लिए मानवेंद्र सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में शिक्षक, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मैदान पर मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। पूरे आयोजन में खेल भावना, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का सुंदर संगम देखने को मिला।
























