हाथरस 13 मार्च। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक संघ हाथरस के बैनर तले सेवारत शिक्षकों पर टीईटी लागू करने के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन लगातार जारी है। शुक्रवार को भी शिक्षकों ने एकजुट होकर टीईटी लागू करने के निर्णय का बहिष्कार किया और पोस्टकार्ड अभियान चलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रभावित शिक्षकों का कहना है कि सेवा में रहते हुए इस उम्र के पड़ाव पर जबरन टीईटी लागू करना तर्कहीन है, जिससे उनके भविष्य को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। आंदोलन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए और सभी ने एकजुटता दिखाते हुए माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मुख्य न्यायाधीश को पोस्टकार्ड भेजकर अपनी मांगों से अवगत कराया। प्रांतीय संयुक्त मंत्री जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ संजीव सेंगर ने सभी शिक्षकों से शिक्षक हित में आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। वहीं जिला महामंत्री अटेवा हाथरस रविकांत वर्मा ने कहा कि शिक्षकों का संघर्ष जारी रहेगा और जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन चलता रहेगा। जिला कोषाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ चंद्रप्रकाश राणा ने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में पोस्टकार्ड भेजने की अपील की। उन्होंने बताया कि आंदोलन के पांचवें दिन भी शिक्षकों का प्रतिरोध जारी रहा और बड़ी संख्या में शिक्षकों ने इसमें भाग लिया।

























