Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 मार्च । हाथरस जिले में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत के बीच केवाईसी प्रक्रिया उपभोक्ताओं के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कई गैस एजेंसियों पर केवाईसी अपडेट न होने का हवाला देकर सिलेंडरों की डिलीवरी रोक दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को शहर और कस्बों की कई गैस एजेंसियों पर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन केवाईसी अपडेट न होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन गैस बुकिंग में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार दूसरे दिन भी सर्वर डाउन रहने के कारण बड़ी मुश्किल से बुकिंग हो पाई। गैस एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं से आईवीआरएस सेवा के माध्यम से केवाईसी कराने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी पूरी नहीं है, उन्हें पहले इसे अपडेट कराना होगा। साथ ही उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी जा रही है कि वे पिछली डिलीवरी का स्टेटस अवश्य जांचें, क्योंकि पिछली डिलीवरी के 25 दिन पूरे होने से पहले बुकिंग का प्रयास करना संभव नहीं है। इधर गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और बुकिंग से जुड़ी समस्याओं पर जिला प्रशासन भी नजर बनाए हुए है। ध्रुव कुमार ने बताया कि सर्वर संबंधी दिक्कतों के बारे में गैस कंपनियों के अधिकारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में लोग बुकिंग कर रहे हैं, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है और वह बार-बार ठप हो रहा है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अनावश्यक बुकिंग से बचने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page