Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 12 मार्च । हसायन कस्बे के पुरदिलनगर मार्ग स्थित मयंक भारत गैस एजेंसी पर गुरुवार को गैस सिलेंडर रिफिल लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर पहुंच गए।बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बाद गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी व्यवस्था बंद कर दिए जाने से कस्बा और देहात क्षेत्र के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी खुलते ही उपभोक्ताओं की भीड़ बुकिंग और केवाईसी कराने के लिए कार्यालय के अंदर पहुंच गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग होने के बावजूद उन्हें समय पर गैस रिफिल नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि पहले घर-घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी होती थी, लेकिन अब उन्हें सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कस्बा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कई उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल अवैध रूप से चूड़ी उद्योग, दुकानों और वाहनों में किया जा रहा है। इसके चलते आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है और कई स्थानों पर सिलेंडर सरकारी दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page