
हाथरस 12 मार्च । खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण हाथरस में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत हो गई है। इससे उपभोक्ताओं को बुकिंग और डिलीवरी में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह से ही गैस एजेंसियों के दफ्तरों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, लोगों के पहुंचने से पहले ही ज्यादातर एजेंसियों के दफ्तरों के शटर गिरा दिए गए। उपभोक्ताओं को बताया गया कि सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पाएगी। कई उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी बुकिंग पहले ही हो चुकी है और डिलीवरी का मैसेज भी आ गया है, लेकिन डिलीवरी बॉय द्वारा सिलेंडर उन तक नहीं पहुंचाया गया है। लोगों ने कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। रानी देवी नामक एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि उनके घर में रसोई गैस खत्म हो गई है और अब सिलेंडर नहीं मिल रहा, अब आखिर घर में खाना कैसे बनाएं। एक अन्य उपभोक्ता कपिल राघव ने शिकायत की कि वह पिछले चार दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो ऑनलाइन बुकिंग हो रही है और न ही सिलेंडर मिल रहा है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन का कहना है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं।


























