Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 मार्च । गैस रिफिल बुकिंग से पहले केवाईसी अनिवार्य किए जाने को लेकर उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई। यह घटना गुरुवार को हाथरस रोड स्थित गैस एजेंसी पर हुई। गैस बुकिंग कराने पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने पहले केवाईसी कराने की बात पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पहले फोन से घर बैठे बुकिंग हो जाती थी और होम डिलीवरी भी मिलती थी। अब कई एजेंसियों ने होम डिलीवरी बंद कर दी है, जिससे लोगों को एजेंसी पर जाकर बुकिंग करानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस बुकिंग के लिए जारी किए गए फोन नंबर अक्सर बंद या व्यस्त आते हैं। इसके कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एजेंसी पहुंचने पर उन्हें स्पष्ट बताया जाता है कि पहले केवाईसी पूरी करनी होगी, तभी गैस रिफिल की बुकिंग होगी। इसी बात को लेकर गुरुवार को हाथरस रोड स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि केवाईसी की अनिवार्यता अचानक लागू की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेष परेशानी हो रही है। वहीं, एजेंसी पक्ष का कहना है कि गैस कंपनियों के निर्देशानुसार केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है। जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी पूरी नहीं है, उनकी गैस बुकिंग नहीं की जा सकती। गैस एजेंसी पर दिनभर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही और केवाईसी तथा गैस बुकिंग को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। कई लोगों ने प्रशासन से इस व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page