
हाथरस 12 मार्च । हाथरस पुलिस द्वारा आयोजित स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपीरियशल लर्निंग प्रोग्राम (SPEL)-3.0 का समापन आज डीटीयू के सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समापन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन श्यामवीर सिंह, निरीक्षक मुकेश बाबू (प्रभारी SPEL) सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार SPEL-3.0 कार्यक्रम 20 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning) के माध्यम से कानून और आपराधिक प्रक्रिया, आपराधिक अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों का विकास करना रहा। समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सभी छात्र-छात्राओं को उत्साहवर्धन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अपने अनुभव भी साझा किए। उनके अनुभवों से यह स्पष्ट हुआ कि यह कार्यक्रम अपने उद्देश्य में सफल रहा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक करना तथा पुलिस और युवा वर्ग के बीच बेहतर समझ विकसित करना है, ताकि समाज में सुरक्षा और शांति बनाए रखने में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
























