
हाथरस 12 मार्च । उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद न्यायालय हाथरस में लघु आपराधिक वादों के निस्तारण हेतु तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। यह लोक अदालत 11 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है, वहीं एन.आई. एक्ट एवं कंटेंशियस वादों के लिए 12 से 14 मार्च 2026 तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। विशेष लोक अदालत के द्वितीय दिवस 12 मार्च 2026 को कुल 27 वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत महेन्द्र श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी, समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा वादकारी उपस्थित रहे। निस्तारित मामलों में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हाथरस जयहिन्द कुमार सिंह के न्यायालय से 21 लघु आपराधिक वादों का निस्तारण किया गया। वहीं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हाथरस दीपकनाथ सरस्वती के न्यायालय से 1 वाद, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद आशीष थिरानिया के न्यायालय से 1 वाद, न्यायिक मजिस्ट्रेट सिकन्द्राराऊ दीपा सैनी के न्यायालय से 2 वाद तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद आंचल चंदेल के न्यायालय से 2 वादों का निस्तारण किया गया। विशेष लोक अदालत के माध्यम से वादों के त्वरित निस्तारण से वादकारियों को राहत मिली तथा न्यायालय में लंबित मामलों के बोझ को कम करने में भी सहायता मिली।


























