
हाथरस 12 मार्च । जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डरों की कमी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने तत्काल संज्ञान लिया। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कछपुरा स्थित श्याम गैस कम्पनी तथा मोहनगंज स्थित ओम सांईं इंडेन गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों की वितरण व्यवस्था, उपलब्ध स्टॉक, बुकिंग एवं डिलीवरी प्रक्रिया का गहनता से निरीक्षण किया। साथ ही मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों से गैस सिलेण्डरों की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति तथा प्रतिदिन होने वाले वितरण की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्थिति में अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने तुलाई मशीन पर खाली और भरे हुए गैस सिलेण्डरों की स्वयं तौल कराकर जांच की। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें तथा बुकिंग के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर उपभोक्ताओं को डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही वितरण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी बनाए रखने तथा एजेंसी परिसर में उपभोक्ताओं से संबंधित आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। मौके पर उपभोक्ताओं से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की गैस सिलेण्डर की बुकिंग पहले से हो चुकी है, उनकी डिलीवरी के समय सर्वर के माध्यम से ओटीपी जेनरेट होता है। वर्तमान में सर्वर की गति धीमी होने के कारण ओटीपी जेनरेट होने में समस्या आ रही है, जिससे डिलीवरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस तकनीकी समस्या के समाधान के लिए मार्केटिंग कंपनियों के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटरशिप से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, ताकि सर्वर संबंधी समस्या का जल्द समाधान कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेण्डरों की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि इस प्रकार की कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, जिससे संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों, तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखी जाए और उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गैस वितरण से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं गैस एजेंसी संचालक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

























