Hamara Hathras

Latest News

सासनी 11 मार्च । सासनी विकास खंड में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों ने लंबे समय से मानदेय न मिलने के विरोध में बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। रोजगार सेवकों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण उन्हें पिछले लगभग 30 महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। रोजगार सेवकों का कहना है कि उन्होंने विभाग द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों की पूर्ति में पूरा सहयोग दिया है। इसके साथ ही विभागीय कार्यों के अलावा क्रॉप सर्वे सहित अन्य कार्यों में भी सक्रिय रूप से योगदान दिया है। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया और ईपीएफ की देयता भी काफी समय से लंबित है। उन्होंने बताया कि पिछली दीपावली पर भी मानदेय नहीं मिल पाया था और वर्तमान समय में भी भुगतान नहीं होने से उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं। आर्थिक संकट के कारण ग्राम रोजगार सेवकों को विभागीय दायित्वों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजगार सेवकों ने बताया कि इस संबंध में संगठन के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने 23 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के ग्राम्य विकास विभाग के रोजगार गारंटी आयुक्त से मिलकर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया था, लेकिन जनपद और विकास खंड स्तर पर तैनात अधिकारियों द्वारा संबंधित शासनादेश का पालन नहीं किया जा रहा है। इस अवसर पर दिनेश कुमार, विनोद कुमार, जसवंत सिंह आजाद, विमल कुमार, गगन कुमार, मनीष कुमार, मधु सेंगर, भारती शर्मा, ललित कुमार, राजेश शर्मा, कपिल कुमार, मेघ सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पुष्पेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, सतीश कुमार और निखिल कुमार सहित कई ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page