
हाथरस 11 मार्च । खाड़ी देशों में युद्ध की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की खबरों के बीच शहर के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की आशंका के चलते वाहन चालकों ने अपने वाहनों की टंकियां फुल कराना शुरू कर दिया। सुबह से ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक वाहन दिखाई दिए। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक बड़ी संख्या में पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे, जिससे कई स्थानों पर कुछ समय के लिए लंबी कतारें भी लग गईं। वाहन चालकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं, जिसके चलते पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसी आशंका के कारण कई लोगों ने पहले ही अपने वाहनों की टंकियां फुल कराना उचित समझा। दिनभर शहर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें भी चलती रहीं। हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर उन्हें कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
जिले में पेट्रोल पंपों की स्थिति
जिले में कुल 125 पेट्रोल पंपों से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति होती है। आपको बता दें कि 55 पंप इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, 29 पंप भारत पेट्रोलियम, 25 पंप हिंदुस्तान पेट्रोलियम, 5 पंप रिलायंस पेट्रोलियम और 11 पंप नायरा कंपनी के हैं।जिले में निजी और वाणिज्यिक वाहनों को मिलाकर प्रतिदिन करीब 1.50 लाख लीटर पेट्रोल की खपत होती है। वहीं डीजल की खपत प्रतिदिन 7 लाख लीटर से अधिक बताई जाती है। विभिन्न कंपनियों के करीब 145 टैंकर पेट्रोल और डीजल लेकर प्रतिदिन जनपद में पहुंचते हैं।


























