
हाथरस 11 मार्च । खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रिफाइंड तेल समेत कई प्रकार के खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी दर्ज की जा रही है। पिछले कुछ दिनों में ही रिफाइंड तेल के दामों में करीब 5 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हो गया है, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। व्यापारियों के अनुसार सोयाबीन रिफाइंड तेल की कीमतों में पिछले पांच दिनों से लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। 750 मिलीलीटर का रिफाइंड तेल पाउच, जो पहले लगभग 125 रुपये में मिल रहा था, अब बढ़कर करीब 130 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह 15 लीटर वाले रिफाइंड तेल के टिन के दामों में भी लगभग 70 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले यह टिन करीब 2400 रुपये में मिल रहा था, जो अब बढ़कर लगभग 2470 रुपये तक पहुंच गया है। बाजार में रिफाइंड तेल के साथ-साथ पाम ऑयल और अन्य खाद्य तेलों की कीमतों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई बाधित होने और परिवहन से जुड़ी परिस्थितियों के कारण कीमतों में तेजी आई है, जिसका सीधा असर घरेलू बाजारों पर पड़ रहा है। खाद्य तेलों के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है। पहले से ही महंगाई का सामना कर रहे लोगों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता का विषय बन गई है। बाजार से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


























