
हाथरस 11 मार्च । हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के बाजीदपुर गांव में मंगलवार शाम एक घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही पुत्र पर फावड़े के डंडे से हमला करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सत्यवीर मंगलवार शाम अपने घर के कमरे में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान उसका पिता कोमल सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा। आरोप है कि किसी बात को लेकर उसने पहले गाली-गलौज की और फिर फावड़े के डंडे से सत्यवीर पर कई बार प्रहार किए। अचानक हुए हमले में सत्यवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए पहले अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत नाजुक होने पर उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है।
सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक सत्यवीर इंटरलॉकिंग के प्लांट में कार्य करता था।


























