
हाथरस 11 मार्च । खाड़ी देशों में जारी युद्ध के असर के बीच हाथरस में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत की स्थिति बनने लगी है। गैस एजेंसियों पर बुकिंग और डिलीवरी को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैस एजेंसियों के कार्यालयों पर बुकिंग के लिए पहुंचे उपभोक्ताओं को बताया गया कि कनेक्टिविटी की समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। इसके चलते एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही और लोग परेशान नजर आए। एक गैस एजेंसी पर एक हॉकर और उपभोक्ताओं के बीच तीखी बहस भी हो गई। उपभोक्ता विनोद ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें बताया जा रहा है कि फिलहाल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं और गैस की गाड़ी आने पर ही मिल पाएंगे। उन्होंने कहा कि घर में गैस खत्म हो चुकी है, ऐसे में भोजन बनाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं एक अन्य उपभोक्ता विनीत कुमार ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले रसोई गैस की बुकिंग कराई थी और उन्हें डिलीवरी का मैसेज भी प्राप्त हो गया, लेकिन इसके बावजूद हॉकर सिलेंडर लेकर उनके घर नहीं पहुंचा है। उनके अनुसार घर में गैस समाप्त होने वाली है, जिससे खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। कई गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिली। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि डिलीवरी का मैसेज मिलने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन का कहना है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके बावजूद एजेंसियों पर भीड़ और उपभोक्ताओं की शिकायतों के कारण स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
गैस सिलिंडरों के दाम बढ़ने से होटल और रेस्टोरेंट संचालक परेशान
जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडरों के दाम बढ़ने से मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कमर्शियल सिलिंडरों की कमी के कारण कई रेस्टोरेंट संचालकों के सामने कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है, जबकि कुछ ने व्यवसाय बंद करने तक का मन बना लिया है। जिले में कुल 33 गैस एजेंसियां संचालित हैं और करीब 4.35 लाख गैस कनेक्शन धारक हैं। हालांकि घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं, लेकिन कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति कम होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को इंतजार करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में करीब 60 रुपये और कमर्शियल सिलिंडर के दामों में लगभग 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की लागत भी बढ़ गई है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि उन्हें जरूरत के अनुसार कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कई जगहों पर तीन दिनों से सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हुई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। कुछ होटल संचालकों ने सिलिंडर की कमी के कारण लकड़ी की भट्ठी लगाकर काम चलाने की योजना बनाई है। वहीं ठेलों पर चाय, समोसा और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों ने भी कमर्शियल सिलिंडर न मिलने के कारण व्यवसाय प्रभावित होने की बात कही है। सरकार की ओर से गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों को ही सुनिश्चित की जाए, ताकि वहां किसी प्रकार की कमी न हो।



























