
हाथरस 11 मार्च । जनपद में 14 एवं 15 मार्च 2026 को प्रस्तावित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 व 15 मार्च को सिविल पुलिस बल में भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दोनों दिनों में दो-दो पालियों में आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश, पानी, फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य निगरानी तंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए रेन बसेरों की व्यवस्था तथा प्रमुख चौराहों पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रूट चार्ट लगाने को भी कहा। बैठक में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की नकल या अवांछनीय गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने तथा मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि पुलिस प्रशासन परीक्षा के दौरान पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग चेकिंग रूम की व्यवस्था तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा संचालन कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि वरुण अग्रवाल ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, डीआरबी इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, एमजी पॉलिटेक्निक, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, बागला इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज, सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज, सेठ फूलचंद बागला डिग्री कॉलेज, श्री अक्रूर इंटर कॉलेज, श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज तथा श्री रामबाग इंटर कॉलेज शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पाली में 3360 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। दो दिनों में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 13,440 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बैठक में परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, केंद्रों की स्थिति, अभ्यर्थियों की संख्या, निरीक्षण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रभारी वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, सीओ ट्रैफिक, थानाध्यक्ष सहित संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।


























