Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 10 मार्च । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गाँव कानऊ में क्रिकेट मैच के दौरान हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर पथराव और मारपीट की। इस घटना में एक महिला समेत कई लोग घायल हुए हैं। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मनोज कुमार उर्फ बिल्ला पंडित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते रविवार, 8 मार्च को गाँव के परिषदीय विद्यालय के मैदान में क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। खेल के दौरान आदित्य, वंश जादौन और पिंटू के बीच विवाद हो गया। मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया। कुछ समय बाद पिंटू अपने साथियों—भूरा पुत्र महीपाल, विकास पुत्र श्यामू और विवेक पुत्र श्यामू के साथ लाठी-डंडों व हथियारों से लैस होकर मनोज के घर पहुँचा। आरोपियों ने घर में घुसते ही ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में मनोज के भाई की पत्नी उमा के गर्दन और कान के पीछे गंभीर चोटें आईं। वहीं, बीच-बचाव में आए आदित्य और अंशुल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हुए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि पीड़ित मनोज कुमार की तहरीर के आधार पर पिंटू, विकास, विवेक और भूरा के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आरोपियों की धर-पकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद से गाँव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page