हसायन : प्लाट के बंटवारे को लेकर हुई मारपीट, लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर पिता-पुत्र को किया घायल
सिकंदराराऊ (हसायन) 10 मार्च । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गाँव सिंचावली कदीम में मामूली भूमि विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। खाली प्लाट के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद परिवार के ही चार सदस्यों ने लाठी-डंडों और फावड़े से लैस होकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज और फिर एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर करना पड़ा है।
हमले में चार नामजद, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित धर्मेंद्र सिंह पुत्र अतर सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। प्लाट के बंटवारे को लेकर पहले से घात लगाए बैठे परिवार के ही कप्तान सिंह, उमेश, मुनेश और सर्वेश देवी पत्नी कप्तान सिंह ने उनके पिता अतर सिंह और भाई पुष्पेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल लाठी-डंडों व फावड़े से मारपीट की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
हालत नाजुक, इलाज के लिए दर-दर भटक रहा परिवार
घटना के तुरंत बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हसायन ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल हाथरस के लिए रेफर कर दिया। वहाँ भी स्थिति में सुधार न होने पर दोनों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुष्पेंद्र सिंह का उपचार जारी है, जबकि अतर सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनका जीवन बचाने के लिए संघर्ष जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित धर्मेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हसायन पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद से ही गाँव में तनाव का माहौल है।
























