सिकंदराराऊ (पुरदिलनगर) 10 मार्च । कस्बे में आयोजित 150 वर्ष पुराने ऐतिहासिक ‘ललिता मैया’ के मेले में सेवा कार्य की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई द्वारा निःशुल्क जल सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। मेले में आने वाले दूर-दराज के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि व समाजसेवी देवा वार्ष्णेय ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।
श्रद्धालुओं के लिए बनी आस्था और सेवा की मिसाल
ललिता गेट स्थित ललिता मैया की ‘जात’ के नाम से प्रसिद्ध इस मेले में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। सेवा शिविर का उद्घाटन करने के उपरांत समाजसेवी देवा वार्ष्णेय का एबीवीपी नगर इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा पगड़ी, माला और पटका पहनाकर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
युवा कार्यकर्ताओं ने संभाली सेवा की कमान
शिविर के आयोजन में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी सुनिश्चित की। इस अवसर पर सुधांशु आर्य, अखिल वार्ष्णेय, जयंत चौधरी, गोलू द्विवेदी, दुष्यंत द्विवेदी, कृष्णकांत आर्य, कन्हैया आर्य, नरेंद्र चौहान, राहुल कश्यप, अमन नागर और आकाश नागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि ललिता मैया के प्रति आस्था का यह मेला न केवल परंपराओं का प्रतीक है, बल्कि यह सेवा भाव को भी जागृत करने का अवसर प्रदान करता है।























