
हाथरस 10 मार्च । जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में हाथरस पुलिस ने एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में अपना परचम लहराया है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी आईजीआरएस (जनसुनवाई-समाधान पोर्टल) की फरवरी-2026 की रैंकिंग में जनपद पुलिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विशेष बात यह है कि हाथरस पुलिस पिछले छह माह से निरंतर प्रदेश में नंबर-1 के पायदान पर काबिज है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानन्द कुशवाहा (नोडल अधिकारी IGRS) के पर्यवेक्षण में न केवल जनपद, बल्कि जिले के सभी थानों ने भी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर नंबर-1 रैंकिंग हासिल की है। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के पीछे की रणनीति साझा करते हुए बताया कि सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश थे कि शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर ही किया जाए। निस्तारण की सत्यता सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल की ‘लोकेशन फोटो’ मंगवाई गई। इस प्रक्रिया से फर्जी आख्याओं पर लगाम लगी और पीड़ितों को वास्तविक न्याय मिला।
फीडबैक सेल से सुनिश्चित की गई संतुष्टि
आईजीआरएस फीडबैक सेल इस पूरी व्यवस्था की रीढ़ साबित हुई है। सेल द्वारा प्रत्येक शिकायतकर्ता से फोन कॉल या ऑनलाइन माध्यम से सीधा संवाद कर यह पूछा जाता है कि वे पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट हैं या नहीं। यदि असंतोष पाया गया, तो उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए गए। पुलिस अधीक्षक ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए जिले के सभी पुलिसकर्मियों के समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम वर्क का परिणाम है और भविष्य में भी जनता की समस्याओं का इसी तत्परता और पारदर्शिता के साथ समाधान किया जाता रहेगा।























