
हाथरस 10 मार्च । दहेज का दानव और लालच किस कदर रिश्तों पर भारी पड़ता है, इसका एक ताजा मामला जनपद के महिला थाने में सामने आया है। सादाबाद के कश्यप नगर निवासी एक महिला ने शादी के 18 वर्ष बीत जाने के बाद भी ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर से बेघर करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
अवैध संबंध और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़िता रेखा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वासदेव उर्फ अमन निवासी नई दिल्ली के साथ हुई थी। रेखा के अनुसार, शादी के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य अनुसार करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल पक्ष शुरू से ही लालची प्रवृत्ति का रहा। आरोप है कि पति वासदेव के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हैं और वह शराब पीकर रेखा के साथ मारपीट व गाली-गलौज करता है। यही नहीं, आरोपी पति रेखा और उसके तीन बच्चों (16 वर्षीय संध्या, 14 वर्षीय वरुण और 2 वर्षीय दिव्यांश) को जहर देकर जान से मारने की धमकी भी देता है।
प्लाट और मकान हड़पने की साजिश
रेखा का आरोप है कि उसके पिता ने उसके जीवन-यापन के लिए एक प्लॉट खरीदने हेतु पैसे दिए थे, जिसे ससुरालियों ने चालाकी से सास के नाम करवा लिया। उस प्लॉट पर निर्माण और दुकान खुलवाने में भी रेखा ने आर्थिक सहयोग किया, लेकिन अब ससुराली उस मकान को हड़पना चाहते हैं। पति ने मकान पर कर्ज ले रखा है और अब उस कर्ज को चुकाने के लिए रेखा के भाइयों पर एक लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा है।
तीन साल से नहीं दिया भरण-पोषण
पीड़िता ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से उसे और उसके बच्चों को भरण-पोषण के लिए कोई राशि नहीं दी गई है। ससुराल पक्ष उसे मकान से बेघर करने पर आमादा है, जिससे उसका और बच्चों का जीवन असुरक्षित हो गया है। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।





































