Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 मार्च । चंदपा कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े होने लगे हैं। ताजा मामला क्षेत्र के गांव मीतई का है, जहाँ एक प्रतिष्ठित नमकीन व्यवसायी की बाउंड्री वॉल को शरारती तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया। जब पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस से मदद मांगी, तो दरोगा ने कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए मदद से इनकार कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई

‘चाचा चौधरी नमकीन’ के मालिक और व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल की गांव मीतई में बाउंड्री वॉल स्थित है। 3 तारीख की रात को कुछ शरारती तत्वों ने वहां पहुंचकर लाठी-डंडों के बल पर दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि उपद्रवी बेखौफ होकर तोड़फोड़ कर रहे हैं।

दरोगा ने कहा— “मैं चौकीदार नहीं”

व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल ने जब इस मामले की शिकायत चंदपा कोतवाली में तैनात एक दरोगा से की, तो दरोगा का रवैया बेहद चौंकाने वाला था। व्यवसायी का आरोप है कि दरोगा ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय उन्हें फटकार लगाते हुए कहा, “मैं कोई चौकीदार नहीं हूं जो तुम्हारी बाउंड्री को रखवाऊंगा, अपना काम करो।” इस बयान के बाद व्यवसायी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

शराब और गंदगी से परेशान ग्रामीण

व्यवसायी ने बताया कि क्षेत्र में शरारती तत्वों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ये लोग आए दिन वहां बैठकर शराब पीते हैं और गंदगी फैलाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।

एसपी से न्याय की गुहार

लगातार मिल रही धमकियों और पुलिस के इस उदासीन रवैये के कारण व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल बेहद भयभीत हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। उन्होंने इस मामले को लेकर जल्द ही जिला पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर न्याय की गुहार लगाने और दोषी पुलिस अधिकारी की शिकायत करने का निर्णय लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page