Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 मार्च । आज बासौड़ा पूजन के अवसर पर नगर के शीतला माता, चावण माता और पथवारी माता मंदिरों में महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार, विशेषकर बच्चों की सुख-समृद्धि और सलामती की कामना की। परंपरा के अनुसार, महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता को बासी भोजन का भोग लगाया। कुछ स्थानों पर मुर्गा और मुश्क की पारंपरिक प्रथा भी निभाई गई। इस दौरान महिलाओं ने घर-परिवार की खुशहाली और बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। मंदिरों में पूजन के उपरांत, कई श्रद्धालु होली स्थल पर भी पहुंचे और वहां भी पूजा-अर्चना की। सुबह के समय मंदिर परिसरों में भक्ति और आस्था का माहौल व्याप्त रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों के साथ मंदिरों में पहुंचीं और श्रद्धापूर्वक पूजन किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बासौड़ा पूजन का यह पर्व क्षेत्र में वर्षों से परंपरागत रूप से मनाया जाता रहा है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन शीतला माता की पूजा करने से परिवार को बीमारियों से रक्षा मिलती है और बच्चों की सलामती बनी रहती है। इस त्योहार को लेकर मंदिरों के आसपास सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ बासौड़ा पूजन में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page