
हाथरस 09 मार्च । अलीगढ़ रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस चौकी के पास रविवार को एक शातिर बदमाश ने एटीएम कार्ड बदलकर 11वीं की छात्रा से 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। यह राशि छात्रा की दादी के इलाज के लिए रखी गई थी, जो वर्तमान में आगरा के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। चमन विहार कॉलोनी निवासी बबिता ने बताया कि उनकी बेटी भूमि रविवार सुबह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थी। भूमि की दादी सुखदेवी शर्मा गंभीर बीमार हैं और आगरा में उपचाराधीन हैं। एटीएम से रुपये न निकलने पर वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद का झांसा देकर भूमि का एटीएम कार्ड ले लिया और चालाकी से उसे बदल दिया। दोपहर करीब एक बजे मोबाइल पर आए संदेश से पता चला कि खाते से दो बार में कुल 80 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार सदमे में है। बबिता ने तत्काल कोतवाली हाथरस गेट में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हैरानी की बात यह है कि अलीगढ़ रोड पर पिछले पांच दिनों में एटीएम बदलकर ठगी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले तीन मार्च को श्रीनगर निवासी प्रशांत शर्मा के एटीएम कार्ड के जरिए 78 हजार रुपये पार कर दिए गए थे। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि दोनों ही मामलों की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए साइबर टीम को लगाया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



































