Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 09 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के गांव कानऊ में रविवार शाम क्रिकेट मैच के दौरान रन और गेंद को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच भीषण संघर्ष में बदल गया। स्कूल परिसर में चल रहे मैच में गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। लगभग आधे घंटे तक चले पथराव से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक महिला समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के सरकारी संविलियन विद्यालय परिसर में रविवार को अवकाश के चलते बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान रन और गेंद को लेकर भूरा पक्ष और वंश पक्ष के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज और मारपीट तक पहुँच गई। झगड़ा बढ़ने पर दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुँच गए और लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

पथराव में महिला भी घायल

आधे घंटे तक चले पथराव से सड़क और आसपास के घरों के पास ईंटों का ढेर लग गया। इसी बीच घर के बाहर खड़ी उमा (28) पत्नी रजनेश पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। संघर्ष में भूरा पक्ष से धर्मेंद्र, बॉबी और भूरा तथा दूसरे पक्ष से आदित्य, अंकुल, विकास और वंश भी चोटिल हो गए।

पुलिस की सख्ती के बाद शांत हुआ मामला

सूचना मिलने पर डायल 112 और हसायन कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र गौतम मय फोर्स मौके पर पहुँचे। पुलिस को देखते ही हमलावर पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाकर उनका उपचार कराया।

जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है और घटना की गंभीरता से जाँच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्कूल परिसर में हुए इस विवाद और अतिक्रमण के मुद्दे पर भी पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। गांव में फिलहाल एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page