Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 मार्च । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे (NH-93) पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चन्दपा थाना क्षेत्र के गांव संटीकरा के पास एक रोडवेज बस, आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर टेंपो (छोटा हाथी) की चपेट में आने से अनियंत्रित हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस और टेंपो के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार करीब 50 से अधिक यात्री बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रही थी। संटीकरा मोड़ के पास अचानक आलू से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों और बस कंडक्टर के अनुसार, ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में रोडवेज बस पहले ट्रैक्टर से टकराई और फिर सामने से आ रहे ‘क्वालिटी आइसक्रीम’ लदे लोडर टेंपो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर की आवाज सुनते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस हादसे में रोडवेज बस चालक (तहसीलदार) और लोडर टेंपो चालक (पप्पन) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चन्दपा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची। एनएचएआई (NHAI) की एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page