Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 मार्च । सिकंदराराऊ के कासगंज रोड स्थित ग्राम कपसिया में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक इको कार चुरा ली। चोरी की यह पूरी वारदात पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। ग्राम कपसिया निवासी नरेश पुत्र श्याम बाबू शर्मा ने अपनी इको कार रोजाना की तरह घर के पास बने खुले गैराज में खड़ी की थी। यह कार सिकंदराराऊ के हाथरस रोड स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में चलती थी और रविवार को भी स्कूल से लौटने के बाद इसे घर के बाहर खड़ा कर दिया गया था। बताया गया कि रविवार की रात करीब 3 बजे अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार को स्टार्ट किया और उसे लेकर फरार हो गए। पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दो युवक एक मोटरसाइकिल पर आगे-आगे चलते दिख रहे हैं, जबकि उनके पीछे इको कार को चालू करके ले जाया जा रहा है। बाइक और कार दोनों की लाइटें जल रही थीं, अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर दो से अधिक थे। आज सुबह जब परिवार के सदस्यों ने घर के बाहर कार को गायब देखा, तो उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद पीड़ित नरेश शर्मा ने सिकंदराराऊ कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page