
सादाबाद 08 मार्च । क्षेत्र के बनारसीपुर गांव में माता मंदिर मेले की तैयारी के दौरान बिजली केबल को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक पक्ष के पांच पुरुष और तीन महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को पुलिस ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। गांव में हर वर्ष होलिका दहन के बाद माता मंदिर पर मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी शनिवार सुबह से ही मेले की तैयारियां चल रही थीं, जिसमें मंदिर की साफ-सफाई और पानी का छिड़काव शामिल था। पीड़ित पक्ष के अनुसार, देर रात मंदिर में रोशनी के लिए लगाई गई बिजली की केबल को दूसरे पक्ष के लोगों ने जानबूझकर उतार दिया। इस संबंध में पूछताछ करने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। घायल पक्ष की ओर से विजयवीर सिंह ने कोतवाली में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। सीओ अमित पाठक ने बताया कि मेले को लेकर हुई इस मारपीट की घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



































