
सादाबाद 08 मार्च । विनोबा नगर चौराहे पर रविवार दोपहर ठेला लगाने को लेकर दो संचालकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे मौके पर हंगामा मच गया। घटना स्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर चौराहे से जलेसर मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के कारण जगह कम हो गई है। इस वजह से फल, आइसक्रीम और जूस के ठेले लगाने वाले विक्रेताओं को स्थान की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कम जगह के कारण ठेला संचालकों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनती रहती है। रविवार को एक फल विक्रेता के ठेले के पास आइसक्रीम का ठेला लगाने को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। काफी देर तक बहस चलती रही। इसी दौरान आक्रोशित होकर फल विक्रेता ने अपने ठेले पर रखे फल सड़क पर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच भवन स्वामी भी वहां आ गए और दोनों को सहमति से ठेले लगाने की बात कही। हालांकि, फल विक्रेता किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं हुआ। अंततः भवन स्वामी ने दोनों ठेलों को वहां से हटवा दिया। इस संबंध में एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की टीम को भेजकर सड़क से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



































