
हाथरस 08 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज मुरसान स्थित माँ सरस्वती हॉस्पिटल में एक दिवसीय ‘नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में जेसीआई विक्ट्री की सक्रिय भागीदारी रही, जिसके तहत महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और उन्हें बेहतर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। शिविर में आए विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें दंत चिकित्सकों द्वारा ‘ओरल हेल्थ चेक-अप’, नेत्र विशेषज्ञों द्वारा ‘नेत्र दृष्टि परीक्षण’ तथा महिला चिकित्सकों द्वारा ‘पीसीओडी’ (PCOD) एवं अन्य स्त्री-रोग संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सकों ने महिलाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। इस सेवा कार्य को सफल बनाने के लिए जेसीआई विक्ट्री की ओर से शिविर के मुख्य चिकित्सक डॉ. नेहा शर्मा और डॉ. अर्पित गुप्ता को सम्मानित किया गया। संस्था की अध्यक्ष जेसी रीता गुप्ता ने कहा कि महिला दिवस मनाने का सबसे सार्थक तरीका समाज की महिलाओं को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है। शिविर के बाद उपस्थित सभी महिलाओं के लिए जलपान की उचित व्यवस्था की गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जेसीआई विक्ट्री की टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में अध्यक्ष जेसी रीता गुप्ता, सचिव जेसी नेहा गुप्ता, कोषाध्यक्ष जेसी कोमल माहेश्वरी, जेसी दीप्ती अग्रवाल, जेसी कामिनी अग्रवाल और जेसी ममता वार्ष्णेय सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।



































