
सिकंदराराऊ (हसायन) 08 मार्च । विकासखंड क्षेत्र के गांव पिछौंती स्थित सावन कृपाल आश्रम की शाखा पर आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य सत्संग का आयोजन किया गया। परम पूज्य संत राजिंदर सिंह जी महाराज की असीम अनुकंपा से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र भर के श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाराज जी के दिव्य वचनों का प्रसारण रहा। ऑडियो और वीडियो के माध्यम से जब महाराज जी के आध्यात्मिक संदेशों को श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया, तो पूरा आश्रम परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। उनके प्रवचनों ने उपस्थित लोगों के हृदयों में शांति, प्रेम और मानवीय मूल्यों के प्रति नई चेतना जागृत की। सत्संग के उपरांत आश्रम परिसर में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इस लंगर की सबसे बड़ी विशेषता ‘समभाव’ रही, जहाँ जाति-पाति के भेदभाव को भुलाकर संगत और स्थानीय निवासियों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों के निस्वार्थ भाव और अनुशासन ने इस आयोजन को और भी गरिमामयी बना दिया। आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि महाराज जी के आशीर्वाद से यह कार्यक्रम न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र रहा, बल्कि इसने सामाजिक एकता और निस्वार्थ सेवा की भी एक मिसाल पेश की है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी सेवादारों और क्षेत्रवासियों का अभूतपूर्व सहयोग रहा।



































