
हाथरस 07 मार्च । जनपद के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कक्षा चार में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा के साथ दो किशोरों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 मार्च दोपहर करीब दो बजे की है। पीड़िता की मां ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी दोपहर के समय घर से घास लेने जंगल गई थी। उसी दौरान गांव के ही दो किशोर, जिनकी उम्र लगभग 10 और 12 वर्ष बताई जा रही है, उसे मिले। आरोप है कि दोनों किशोर बच्ची को बेर खिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर बम्बे के पास स्थित एक गेहूं के खेत में ले गए। वहां पहुंचने पर 10 वर्षीय किशोर ने बच्ची के हाथ पकड़ लिए, जबकि 12 वर्षीय किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घर लौटने के बाद डरी-सहमी बच्ची ने अपनी मां को पूरी घटना से अवगत कराया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने दोनों नामजद किशोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बच्ची का डॉक्टरी परीक्षण कराया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।






































