
हाथरस (मुरसान) 07 मार्च । क्षेत्र के गांव बंका गांव में एक सगाई समारोह के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। शिशुपाल निवासी बहादुरपुर अलीगढ का कहना है कि उसका बेटा दुर्गेश उम्र 18 वर्ष अपनी चाची के भाई सोनू पुत्र महीपाल निवासी गांव बंका मुरसान की सगाई में शामिल होने के लिए आया था। सोनू की शादी 9 मार्च को मथुरा की एक युवती से होनी है। सगाई समारोह के दौरान दुर्गेश छत पर रखे एक लोहे के पाइप को उठाने के लिए गया था। छत के ऊपर से गुजर रही 11 हाईटेंशन लाइन के संपर्क में पाइप आने से दुर्गेश को करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। दुर्गेश अपने छोटे भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ शनिवार की दोपहर ही अपने मामा के घर पहुंचा था। एक ओर जहां रिश्तेदारों के लिए भोजन की तैयारी चल रही थी, वहीं दूसरी ओर इस घटना ने सभी को लोगों में दुख की लहर दोड़ गई। दुर्गेश अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता शिशुपाल सिलाई का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एंबुलेंस की सहायता से दुर्गेश के शव को जिला अस्पताल भेज दिया गया। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।






































