
हाथरस 07 मार्च । शहर के व्यस्ततम तालाब चौराहे पर शनिवार को ठगी का एक दुस्साहसपूर्ण मामला सामने आया है। यहाँ दिल्ली से अपने गांव लौट रही एक बुजुर्ग महिला को दो युवतियों ने बातों में उलझाकर उनका बैग पार कर दिया। बैग में 17,000 रुपये की नगदी और एक मोबाइल फोन रखा था। घटना के बाद पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन तब तक ठग युवतियां चंपत हो चुकी थीं।
मदद के बहाने किया शिकार
पीड़िता राजेश्वरी पत्नी स्वर्गीय हुकुम सिंह, जो गांव लाड़पुर (कोतवाली हाथरस जंक्शन) की निवासी हैं, दिल्ली से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह शहर के तालाब चौराहे पर अपने गांव जाने के लिए टेम्पो की तलाश कर रही थीं, तभी वहां दो युवतियां उनके पास आईं। युवतियों ने बड़े ही शातिर अंदाज में बड़ी विनम्रता के साथ कहा, “माताजी, आप परेशान न हों, हम आपको टेम्पो में बैठा देते हैं, तब तक अपना बैग हमें दे दीजिए।”
भीड़ का फायदा उठाकर हुईं फरार
महिला ने उन पर विश्वास कर अपना बैग और पर्स उन्हें थमा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश्वरी अभी टेम्पो में सवार हो ही रही थीं कि तभी युवतियों ने मौका पाकर बैग पर हाथ साफ कर दिया और भीड़ का लाभ उठाकर वहां से फरार हो गईं। जब तक राजेश्वरी ने अपने बैग की ओर देखा, दोनों युवतियां आंखों से ओझल हो चुकी थीं।
पुलिस ने की मदद
अचानक हुई इस घटना से राजेश्वरी घबरा गईं और मदद के लिए शोर मचाने लगीं। चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने महिला को रोते देख तुरंत उनसे घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आस-पास के दुकानदारों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस ठगी की घटना ने शहर में यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।






































