
सादाबाद 06 मार्च । क्षेत्र में साइबर ठगों ने आवाज क्लोनिंग तकनीक का इस्तेमाल कर एक चाऊमीन विक्रेता से नौ हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। ठग ने पीड़ित के मौसेरे भाई का रूप धारण कर मौसी की बीमारी का बहाना बनाया और पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
जानकारी के अनुसार, सादाबाद में अंडा, चाऊमीन का ठेला लगाने वाले कन्हैया लाल के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को उनका मौसेरा भाई बताया और कहा कि उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके इलाज के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता है। कॉल पर आई आवाज हूबहू उनके मौसेरे भाई जैसी होने के कारण कन्हैया लाल को कोई संदेह नहीं हुआ। उन्होंने रिश्तेदारी के नाते मदद करते हुए अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से लगभग 9 हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद कन्हैया लाल को संदेह हुआ। उन्होंने अपने मौसेरे भाई को फोन कर मौसी का हालचाल पूछा। तब उन्हें पता चला कि उनकी मौसी पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्होंने किसी भी प्रकार के पैसों की मांग नहीं की थी। इसके बाद कन्हैया लाल को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। इस घटना के बाद पीड़ित कन्हैया लाल ने साइबर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी ने बताया कि मामले की शिकायत साइबर ब्रांच हाथरस में की गई है। पुलिस संबंधित बैंक खाते और कॉल नंबर की जानकारी जुटा रही है।






































