
हाथरस 06 मार्च । जनपद में होली के पर्व पर शराब और बियर की बिक्री ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। त्योहार की उमंग में डूबे लोगों ने जमकर जाम छलकाए, जिसके चलते जनपद में लगभग 5 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड शराब व बियर की बिक्री दर्ज की गई है। जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन के अनुसार, यह आंकड़ा सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है, क्योंकि सामान्यतः जिले में दैनिक औसत बिक्री लगभग 80 लाख रुपये रहती है। होली के दौरान 2 मार्च को जिले में लगभग 1.25 करोड़ रुपये की देशी-विदेशी शराब व बियर की बिक्री हुई। 3 मार्च (होलिका दहन) पर 1.5 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई। वहीं 4 मार्च को दिन में ठेके बंद रहे, लेकिन शाम 4 बजे खुलने के बाद मात्र छह घंटों की अवधि में 1.5 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई।
सामान्य दिनों से दोगुना उछाल
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनपद में सामान्य दिनों में शराब और बियर की औसत दैनिक बिक्री लगभग 80 लाख रुपये रहती है। हालांकि, होली के अवसर पर यह मांग अचानक बढ़ गई। होली के पर्व के दौरान आंकड़े बताते हैं कि इस बार सामान्य की तुलना में करीब 50 से 70 लाख रुपये की अतिरिक्त शराब और बियर की खपत हुई है।
देसी-अंग्रेजी दुकानों पर लगी रही भीड़
होली के पर्व की तैयारियों के बीच, होली से एक दिन पहले दो मार्च को शाम से ही जिले भर की देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें देखी गईं। दुकानदारों ने बताया कि कई लोगों ने त्योहार के मद्देनजर पहले से ही अपना स्टॉक जमा कर लिया था, जिसके कारण अंतिम घंटों तक दुकानों पर भीड़ बनी रही।
बियर और प्रीमियम ब्रांड्स की रही धूम
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि इस बार युवाओं में प्रीमियम ब्रांड्स और बियर के प्रति विशेष आकर्षण देखा गया। गर्मी की दस्तक के साथ ही बियर की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार, होली, दिवाली और नए वर्ष जैसे प्रमुख त्योहारों के समय शराब की खपत में प्रतिवर्ष इसी प्रकार का उछाल देखने को मिलता है, लेकिन इस बार का बिक्री ग्राफ अपेक्षा से अधिक तेजी से ऊपर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन से हमारा हाथरस को मिली जानकारी के अनुसार दो मार्च को जिले में लगभग एक करोड़ 25 लाख देशी-विदेशी शराब व बीयर की बिक्री हुई। वहीं तीन मार्च को होलिका दहन वाले दिन 1.5 करोड़ रूपये की शराब बिक्री दर्ज हुई। जबकि चार मार्च को शराब के ठेके दिन में बंद थे और शाम 4 बजे के बाद जब ठेके खुले तब ठेकों पर शराब के शौकीनों की कतारें देखीं गई और रात दस बजे तक मात्र छह घंटे में 1.5 करोड़ रूपये की देशी-विदेशी शराब और बीयर बिकीं। अगर होली के पर्व के दौरान हुई बिक्री की बात की जाय तो यह बिक्री लगभग पांच करोड़ रूपये के आस-पास की रही।






































