
हाथरस 06 मार्च । शहर के आगरा रोड स्थित हरि आई हॉस्पिटल परिसर में लंबे समय से चल रहे अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने आज शाम बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार सदर लक्ष्मी नारायण बाजपेई के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनाई गई टीन शेड और कच्ची दीवारों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई हाथरस देहात के लेखपाल राघवेंद्र सिंह द्वारा दो दिन पूर्व दर्ज कराए गए मुकदमे के आधार पर की गई। लेखपाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद (RSP) के अध्यक्ष पंकज धवरैया ने अस्पताल परिसर की जमीन पर अनधिकृत कब्जा कर वहां टीन शेड व कमरा बना रखा है और पशुओं को बांधा जा रहा है।
पंकज धवरैया ने लगाए आरोप
राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद (RSP) के अध्यक्ष पंकज धवरैया ने बताया कि सरकार का विरोध और सवर्णो की आवाज उठाने का यही अंजाम होना था। आज पंकज धवरैय्या जी के गायों को घर से बेघर कर दिया जबकि आप सब देख सकते है इसके बराबर मे 25 साल पुराना कमरा बना हुआ था जो कि बारिश के कारण वो कमरा गिर गया और वह 25 साल से चेरेटिवल की जगह थी, जिसके अभी 6 साल से इसके इंचार्ज जिलाधिकारी हैं। आज तक कभी किसी को समस्या नहीं हुई। क्या प्रशासन ने कब्जा कराया था या यह कब्जा। आज धरने के कारण इस कमरे को तोड़ कर आज गायों को बेघर किया जा रहा है।
पीएम मोदी के पिंड दान से उपजा विवाद
प्रशासनिक कार्रवाई के बीच, आरएसपी अध्यक्ष पंकज धवरैया की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं। वे पिछले करीब एक माह से अपने निवास कंचन नगर के बाहर यूजीसी बिल और एससी-एसटी कानून के विरोध में धरने पर बैठे हैं। धरने के दौरान 1 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छायाचित्र को प्रतीकात्मक मानकर दाह संस्कार व पिंड दान जैसा कृत्य किया गया था। इस मामले में माहेश्वरी कॉलोनी निवासी मिथुन चौधरी ने कोतवाली सदर में पंकज धवरैया व उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि धवरैया द्वारा दिए जा रहे भड़काऊ भाषणों से देश की एकता और अखंडता को खतरा है और उन्होंने इस घृणित कृत्य से जनभावनाओं को आहत किया है।
कानून से ऊपर कोई नहीं : सीओ
सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। जिनमें एक अवैध कब्जे के संबंध में और दूसरी प्रधानमंत्री के प्रतीकात्मक पिंड दान व जनभावनाएं भड़काने के मामले में हुई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस दोनों ही प्रकरणों में गहनता से जांच कर रही है। इससे पूर्व एक ऑडियो वायरल होने के बाद भी उनके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। प्रशासन की इस सख्ती से इलाके में हड़कंप मच गया है और यह कार्रवाई फिलहाल शहर में मुख्य चर्चा का विषय बनी हुई है।






































