
हाथरस 06 मार्च । सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के पल्हावत गांव के पास गुरुवार रात 5 मार्च को तड़के करीब 3:00 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंदिर के समीप हुआ। सादाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर पल्हावत गांव के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों घायल युवकों को बाहर निकाला और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली सादाबाद से पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सादाबाद पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायल युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र आगरा या अलीगढ़ रेफर किया जा सकता है। प्रारंभिक जांच में घायलों की पहचान सादाबाद क्षेत्र के गुडेरा गांव के निवासियों के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद उनके परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि देर रात होने के कारण चालक को झपकी आ गई होगी या तेज रफ्तार के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो गया होगा। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।






































