
सादाबाद 06 मार्च । कोतवाली सहपऊ के गांव महरारा में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना बृहस्पतिवार को हुई जब गांव के बच्चे होली खेल रहे थे। खेलते-खेलते बच्चों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। यह मामूली विवाद जल्द ही बड़ों तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में एक महिला का सिर फट गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। गांव में मारपीट की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल और एक एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि बच्चों के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोतवाली में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घायल महिला का चिकित्सीय परीक्षण करा लिया गया है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































