
सादाबाद 06 मार्च । क्षेत्र के गांव अरौठा क्षेत्र में युवक पर कार रोककर धारदार हथियार से हमला किया गया। यह घटना नगला भूरा से आगे अरौठा पुल के पास हुई, जिसमें युवक घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के सौंख रोड पाली खेड़ा निवासी विकास पुत्र चंद्रपाल ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी कार से सादाबाद के पिपरामई गांव में परिचित विजय कुमार से मिलने जा रहे थे। नगला भूरा से आगे अरौठा पुल के निकट कुछ लोगों ने उनकी कार को जबरन रोक लिया। विकास के अनुसार, कार रुकवाने के बाद तीन आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाव में विकास ने जैसे ही अपना हाथ आगे किया, वार उनके उल्टे हाथ में लगा, जिससे वह घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल विकास का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसआई बृजेश पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































