Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 मार्च । गांव मढ़नई में आवारा कुत्तों के हमले की घटना सामने आई है। शुक्रवार को खेत से घर लौट रही एक युवती पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मढ़नई गांव की 24 वर्षीय तनु नौहवार, जो दीपू चौधरी की पुत्री हैं, शुक्रवार को पशुओं के लिए चारा लेकर खेत से घर लौट रही थीं। रास्ते में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया। एक कुत्ते ने उनके दाहिने हाथ को बुरी तरह काट लिया। तनु की चीख सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर उन्हें बचाया। इस हमले में तनु के दाहिने हाथ की कोहनी के ऊपर लगभग तीन इंच चौड़ा और दो इंच गहरा घाव हो गया, जिससे काफी रक्तस्राव हुआ। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी कई लोगों पर हमले हो चुके हैं। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान से इन कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। घायल तनु नौहवार सेना में भर्ती की तैयारी कर रही हैं। इसी महीने उनका बीएसएफ में असिस्टेंट कमांडिंग ऑफिसर पद के लिए स्किल टेस्ट होना है। इस हमले के कारण उनकी तैयारी और भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page