
सिकंदराराऊ (हसायन) 06 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के कोडरा नगला विजन मार्ग स्थित कंपोजिट शराब दुकान पर गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सेल्समैन ने प्रिंट रेट (MRP) से अधिक पैसे मांगने का विरोध करने पर ग्राहक के साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट कर दी। दबंग सेल्समैन ने न केवल ग्राहक को दुकान से नीचे धक्का दिया, बल्कि सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर उसे मारने का भी प्रयास किया। इस हंगामे को देख मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों और राहगीरों में भगदड़ मच गई।
एमआरपी से ज्यादा वसूली पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, कस्बे का एक युवक गुरुवार शाम कंपोजिट दुकान पर शराब खरीदने गया था। आरोप है कि दुकान पर तैनात सेल्समैन ने निर्धारित एमआरपी से अधिक धनराशि की मांग की। जब ग्राहक ने अधिक पैसे लेने का विरोध किया, तो सेल्समैन आपा खो बैठा। देखते ही देखते मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई।
दबंगई: ग्राहक को दुकान से नीचे फेंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे और सत्ता की हनक में चूर सेल्समैन ने ग्राहक को दुकान से बाहर धक्का दे दिया और सरेराह उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। हद तो तब हो गई जब सेल्समैन ने पास ही पड़ी ईंट उठा ली और युवक पर हमला करने का प्रयास किया। काफी देर तक मौके पर खींचतान और जद्दोजहद चलती रही, जिससे वहां मौजूद अन्य पियक्कड़ों और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
राहगीरों ने किया बीच-बचाव
सड़क पर हो रहे इस तमाशे को देख स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। मामले को बढ़ता देख कुछ जागरूक राहगीरों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को अलग-अलग किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। घटना के बाद से क्षेत्र में शराब की दुकानों पर हो रही अवैध वसूली और सेल्समैनों की गुंडागर्दी को लेकर काफी चर्चाएं हैं। क्षेत्रीय लोगों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि ओवररेट वसूलने वाले और ग्राहकों से अभद्रता करने वाले ऐसे सेल्समैनों व दुकानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।






































