
सिकंदराराऊ (हसायन) 06 मार्च । विकासखंड क्षेत्र के नगला रति मार्ग स्थित ग्राम पंचायत पिछौंती में कराए जा रहे विकास कार्यों में धांधली का मामला गरमाता जा रहा है। किसान नेता निशांत चौहान ने सहायक विकास अधिकारी (ADO) से लिखित शिकायत करते हुए ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों पर सरकारी धन के बंदरबांट का गंभीर आरोप लगाया है।
पीली ईंट और बालू से हो रही चिनाई
निशांत चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत में इंटरलॉक से प्राथमिक विद्यालय तक यू-टाइप नाली का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि इस निर्माण में मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। निर्माण कार्य में दोयम दर्जे की ‘पीली ईंट’ का प्रयोग हो रहा है और सीमेंट के स्थान पर केवल बालू से चिनाई की जा रही है, जो गुणवत्ता के साथ बड़ा खिलवाड़ है।
बिना टेंडर और पुराने निर्माण पर ‘नया खेल’
किसान नेता ने भ्रष्टाचार की पोल खोलते हुए कहा कि यह कार्य बिना किसी वैध टेंडर प्रक्रिया के ग्राम प्रधान की मिलीभगत से कराया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस नाली का निर्माण दिखाया जा रहा है, वह लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा पहले ही सही अवस्था में बनाई गई थी। उसी पुरानी नाली के ऊपर रद्दा रखकर और प्लास्टर कर उसे नया निर्माण दर्शाया जा रहा है, ताकि पूरे बजट का भुगतान उठाया जा सके।
PWD की अनदेखी और नियमों का उल्लंघन
निशांत चौहान के अनुसार, पीडब्ल्यूडी की सीमा में निर्माण कार्य करने से पहले विभाग से एनओसी (NOC) लेना अनिवार्य है, लेकिन यहाँ किसी भी नियम का पालन नहीं किया गया। यह स्पष्ट रूप से सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का मामला है। निशांत चौहान ने चेतावनी दी है कि इस मामले को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें साक्ष्यों के साथ भ्रष्टाचार से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए और सरकारी धन की रिकवरी की जाए।






































