
हाथरस 03 मार्च । सदर कोतवाली क्षेत्र के नाई का नगला में सुहागरात के दिन पति पर जानलेवा हमला कर फरार हुई दुल्हन का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। अपने प्रेमी चाचा के साथ फरार हुई युवती ने 1 मिनट 21 सेकंड के इस वीडियो में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को न केवल सिरे से नकारा है, बल्कि अपने पिता पर ही बेहद गंभीर और शर्मनाक आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने दावा किया है कि उसके साथ जो भी आरोप (चाकू मारना और चोरी) लगाए जा रहे हैं, वे सब झूठे हैं। युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसे 8 लाख रुपये में बेचा था और उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को भी अंजाम दिया गया। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर छोड़ा। आपको बता दें कि चन्दपा के गांव परसारा निवासी युवती की शादी 21 फरवरी को नाई का नगला निवासी युवक से हुई थी। 25 फरवरी को वह घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। दूल्हे ने आरोप लगाया था कि सुहागरात के दिन पत्नी ने उस पर चाकू से हमला किया, परिवार को नशीला पदार्थ दिया और घर से 15 लाख की ज्वेलरी व नकदी लेकर अपने प्रेमी चाचा के साथ फरार हो गई। पुलिस अब इस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के दावों की सत्यता खंगाल रही है।






































