Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 मार्च । सिकंदराराऊ में देर रात एक अनियंत्रित डंपर ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात सिकंदराराऊ क्षेत्र में हुई। बंटी, सोनू और राजनाथ नामक युवक अपनी मोटरसाइकिल से सिकंदराराऊ से अपने गांव नगरिया पट्टी देवरी जा रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बंटी के हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं। उसके दोनों साथी सोनू और राजनाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय गांव के प्रधान नरोत्तम सिंह अपनी स्कॉर्पियो से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने भीड़ देखकर गाड़ी रोकी और घायलों को पहचानकर तुरंत मदद की। 108 एम्बुलेंस से संपर्क नहीं हो पाने पर पुलिस को सूचना दी गई। प्रधान ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अपनी निजी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रहे डंपर हादसों के बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है। वहीं, कोतवाली प्रभारी सिकंदरा राऊ ने बताया कि पुलिस ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रयास कर रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page