Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 02 मार्च । कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश चंद्र यादव के पुत्र कृष्ण कुमार यादव के स्विमिंग पूल को निशाना बनाया। कोतवाली के ठीक पीछे स्थित इंद्रनगर-सिकतरा मार्ग पर बने इस स्विमिंग पूल से चोर हजारों रुपये का सामान बटोर ले गए।

ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर, पावर प्लांट की बैटरियां गायब

जानकारी के अनुसार, पूर्व चेयरमैन दिनेश चंद्र यादव ने अपने पुत्र के रोजगार के लिए पिछले वर्ष 2025 में अपने खेत पर इस स्विमिंग पूल का निर्माण कराया था। वर्तमान में संचालन बंद होने के कारण रात में वहां कोई कर्मचारी नहीं सो रहा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य लोहे के गेट का ताला तोड़ा और अंदर बने कमरे में घुस गए। चोर वहां से सोलर पावर प्लांट सिस्टम की चार कीमती बैटरियां और अलमारी का लॉक तोड़कर अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए।

रेत पर मिले टायरों के निशान, 112 पर दी सूचना

घटना का पता तब चला जब संचालक कृष्ण कुमार यादव स्विमिंग पूल पर पहुंचे और मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा। उन्होंने तत्काल डायल 112 के माध्यम से लखनऊ मुख्यालय को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली से उपनिरीक्षक (SI) प्रमोद कुमार सिंह मय कोबरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान स्विमिंग पूल के बाहर कच्चे मार्ग पर रेत में दो पहिया वाहन के टायरों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर बाइक या स्कूटी से सामान लादकर ले गए हैं।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

हसायन कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार का कहना है कि कोतवाली के इतने नजदीक चोरी होना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा करता है। क्षेत्र में अब तक हुई दर्जनों चोरियों में से पुलिस अधिकांश मामलों का खुलासा करने में विफल रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा का भाव है। फिलहाल पुलिस टीम अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page