Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 02 मार्च । विकासखंड क्षेत्र सहित कस्बा और देहाती इलाकों में रंगों का महापर्व ‘होलिकोत्सव’ पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार को सुबह से ही सनातन धर्म की प्राचीन पौराणिक परंपराओं के अनुसार घर-घर में उत्सव की तैयारियां प्रारंभ हो गईं। भक्तों ने आस्था और विश्वास के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना कर देश और समाज की खुशहाली की कामना की।होलिका स्थलों पर उमड़ी भीड़, महिलाओं ने की पूजा

सोमवार सुबह से ही कस्बा के विभिन्न होलिका दहन स्थलों पर महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने विधि-विधान से होलिका माता का पूजन किया और परिक्रमा लगाकर परिवार की सुख-शांति की मन्नत मांगी। पूजन के दौरान विशेष रूप से गोबर की गूलरियों, लौंग, बतासे, जायफल और सिंदूर अर्पित किए गए। घरों में भी ‘होलिका चौक’ सजाकर अग्यारी की गई और कुल देवी-देवताओं का आह्वान किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने महामाई पथवारी मंदिर और हनुमान जी महाराज के दर्शन कर भोग लगाया।

कल ब्रह्म मुहूर्त में होगा होलिका दहन

कस्बे में होलिका दहन के समय को लेकर वयोवृद्ध आचार्य पंडित राधाकृष्ण दीक्षित ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि फाल्गुन पूर्णिमा तिथि के मान और शास्त्र सम्मत गणना के अनुसार, कस्बा के मोहल्ला किला खेड़ा स्थित श्री हनुमान जी महाराज की बगीची (नरसिंह भगवान बगीची) परिसर में होलिका दहन का कार्यक्रम 3 मार्च (मंगलवार) को संपन्न होगा। दहन का शुभ समय ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 03:30 बजे से 05:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसी समयावधि में वैदिक रीति-रिवाज के साथ अग्नि प्रज्ज्वलित की जाएगी।

बाजारों और गलियों में फाग की गूँज

होलिकोत्सव को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में भारी उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में ढोल-नगाड़ों के साथ फाग गायन की टोलियां निकल रही हैं। वहीं, घरों में गुझिया और पकवानों की खुशबू महकने लगी है। प्रशासन ने भी तड़के होने वाले होलिका दहन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page