Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 मार्च । रंगों के पावन पर्व होली को लेकर जनपद में उत्साह अपने चरम पर है। समय की निकटता के साथ ही शहर से लेकर देहातों तक के बाजार पूरी तरह रंगीन हो गए हैं। रंग-गुलाल और तरह-तरह की पिचकारियों से सजी दुकानों के कारण बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है। विशेषकर युवाओं और बच्चों में इस पर्व को लेकर भारी जोश है, जो अपनी छतों से हुरियारों पर रंग बरसाने की तैयारियों में जुटे हैं।

आकर्षक पिचकारी और हर्बल गुलाल की मांग

बाजारों में इस बार बच्चों के लिए फैंसी पिचकारियों और मुखौटों की भरमार है। बच्चे अपनी पसंदीदा पिचकारियों की खरीदारी कर रहे हैं, तो वहीं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग केमिकल युक्त रंगों के बजाय आकर्षक हर्बल गुलाल को प्राथमिकता दे रहे हैं। गली-मोहल्लों में फेरी लगाकर सामान बेचने वालों के पास भी खरीदारों की भीड़ देखी जा सकती है।

बाजार की गुझिया और नमकीन का बढ़ा चलन

आधुनिकता और भागमभाग भरी जीवनशैली का असर खान-पान की तैयारियों पर भी दिख रहा है। हालांकि घरों में गुझिया बनाने की परंपरा आज भी कायम है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग समय बचाने के लिए बाजारों से ही तैयार सामान खरीद रहे हैं। हलवाइयों की दुकानों पर गुझिया, बेसन के सेब और नमकीन खरीदने वालों का तांता लगा है। शाम के समय बाजारों में बढ़ी भीड़ के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी रही, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दहन के समय को लेकर विद्वानों में मतभेद

होलिका दहन को लेकर हाथरस में विद्वानों के अलग-अलग मत हैं। शहर के किला गेट के स्थित ‘बड़ी होली’ के अलावा कई स्थानों पर होलिका दहन कल मंगलवार को सुबह 05:20 बजे पारंपरिक गरिमा के साथ किया जाएगा। वहीं नगर में विभिन्न स्थानों पर आज शाम 7 बजे से 9:30 बजे तक होलिका दहन संपन्न होने की सूचना मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page